आपदा से पहले तैयारी जरूरी, बरारी में बाढ़ को लेकर प्रशासनिक अमले को किया अलर्ट

बरारी विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर विधायक विजय सिंह ने प्रशासन से समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने की मांग की है।

आज जिला पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में विधायक विजय सिंह ने बरारी विधानसभा क्षेत्र के संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति को अधिकारियों के सामने रखा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति गंभीर होने से पहले ही राहत और बचाव की तैयारियां पूरी कर ली जाएं। प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था, राहत सामग्री का भंडारण और राहत-बचाव दल को पूरी तरह तैयार रखने पर विशेष जोर दिया गया।

विधायक विजय सिंह ने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी और बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। साथ ही, बाढ़ प्रभावित होने वाले इलाकों में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने का सुझाव दिया।

विधायक ने कहा कि बरारी विधानसभा की जनता की सुरक्षा, सुविधा और हित उनकी प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *