भागलपुर में जुए के अड्डों पर पुलिस की छापेमारी, 10 गिरफ्तार; नकदी और मोबाइल बरामद
मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में हुई कार्रवाई, 6,260 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और ताश की 3 गड्डियां जब्त
भागलपुर। जिले में अवैध जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र के मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6,260 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और ताश की 3 गड्डियां बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मिराचक गोपालपुर और नवटोलिया में कुछ लोग इकट्ठा होकर अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं और इसका आयोजन भी किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और औद्योगिक प्रक्षेत्र थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित इलाकों में छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
नकदी, मोबाइल और ताश की गड्डियां जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल की जा रही 6,260 रुपये की नकदी, 5 मोबाइल फोन और ताश की 3 गड्डियां जब्त कीं। पुलिस की ओर से अवैध जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी को लेकर सिटी डीएसपी-1 हेमंत सिंह ने जानकारी दी।
Post by – Aamir Khan










