कटिहार में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार बनाने का सामान बरामद, 3 गिरफ्तार
कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में अवैध हथियार बनाने वाली मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। छापेमारी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से पिस्टल, बैरल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सतबेहरी चांदपुर बहियार में महंत बाबा स्थान के पास केला के खेत की आड़ में बनी झोपड़ी में हथियार बनाने का काम चल रहा है। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को देखते ही तीन लोग भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. रफीक आलम, मो. फिरोज और मो. बजीर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, एक बैरल, दो मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा दो अर्द्धनिर्मित मैगजीन, दो गैस कटिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन और तीन मोबाइल फोन भी मिले। हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले रेती, सुग्गा, लोहे के टुकड़े और स्प्रिंग समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ है। एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार निर्माण के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जाती थी।











