नगर निगम की योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने का निर्देश, महापौर ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
कटिहार, 14 सितंबर 2026। नगर निगम कटिहार की महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को अपराह्न 2 बजे महापौर कक्ष में नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप महापौर, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सहायक अभियंता विवेक कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह, उप परियोजना निदेशक, संबंधित कनीय अभियंता सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान नगर निगम के माध्यम से क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं की वर्तमान प्रगति, लंबित कार्यों एवं मिसिंग लिंक से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसी प्रतिनिधियों से योजनावार अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित एवं मिसिंग लिंक कार्यों को चिन्हित कर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान वार्ड संख्या 25 एवं 45 के पीड़ित लोगों की समस्याओं पर भी विस्तार से विमर्श किया गया। संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान की दिशा में पहल करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी तरीके से योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में संचालित योजनाओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाना, लंबित एवं मिसिंग लिंक कार्यों को पूरा कराना तथा विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना रहा।











