कटिहार में छात्रों ने किया विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का स्वागत, बोले- समस्याओं के समाधान में मिलेगी सहूलियत
कटिहार। बिहार के विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य सरकार की ओर से शुरू किए गए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और विद्यार्थी सहयोग शिविर को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल और विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों को एक जगह दर्ज कर उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी को लेकर कटिहार के डीएस कॉलेज में छात्र-छात्राओं से बातचीत की गई। छात्रों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पोर्टल शुरू होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने में काफी सहूलियत होगी।
छात्रों का कहना है कि कॉलेज या पढ़ाई से जुड़ी किसी भी तरह की परेशानी होने पर अब उसे पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराया जा सकेगा। इससे शिकायतों को लेकर विद्यार्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी कम होने की उम्मीद है।
छात्र-छात्राओं ने कहा कि अगर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समय पर समाधान होता है, तो यह पहल विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
कुल मिलाकर डीएस कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल को स्वागत योग्य पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे उनकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान हो सकेगा।











