कटिहार यातायात थाना परिसर में मुफ्त फिजियोथेरेपी कैंप का आयोजन

कटिहार। पुलिसकर्मियों की सेहत और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए रविवार को कटिहार यातायात थाना परिसर में मुफ्त फिजियोथेरेपी कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के पुलिस अधिकारी और जवानों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई और विशेषज्ञ से परामर्श लिया।

कैंप का आयोजन राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति विकास परिषद, ए टू जेड एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट एवं शिव फिजियोथेरेपी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राकेश कुमार गौस्वामी ने पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी।

इस दौरान कमर दर्द, जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों में जकड़न और शारीरिक थकान जैसी समस्याओं की जांच एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञ ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम और शरीर को फिट रखने से संबंधित जरूरी सुझाव भी दिए।

आयोजकों ने बताया कि पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी कर लोगों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। लगातार ड्यूटी और शारीरिक तनाव के कारण उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों के लिए इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में पुलिसकर्मियों ने नि:शुल्क फिजियोथेरेपी जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *