ट्रेड डील टूटी, ट्रंप ने कनाडा पर लगाया 50% टैरिफ; कार्नी बोले- डॉलर फॉर डॉलर देंगे जवाब

वॉशिंगटन/ओटावा। अमेरिका और कनाडा के बीच चल रही व्यापार वार्ता आखिरी दौर में टूट गई है। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने करीब 20 अरब डॉलर मूल्य के कनाडाई उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लागू कर दिया है। यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार तनाव को और गहरा करने वाला माना जा रहा है।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बातचीत रोकने का फैसला करते हुए कहा कि वार्ता के अंतिम चरण में अमेरिका की ओर से प्रस्तावित शर्तों में अचानक बदलाव किए गए, जिन्हें कनाडा ने अनुचित और आर्थिक रूप से नुकसानदेह माना। कार्नी ने कनाडाई वार्ताकारों को वापस बुलाने का निर्देश दिया है।

अमेरिकी टैरिफ की जद में करीब 20 अरब डॉलर के कनाडाई उत्पाद आए हैं। इनमें कई उपभोक्ता वस्तुओं और औद्योगिक उत्पादों के साथ हॉकी उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान शामिल हैं। यह टैरिफ कनाडा के अमेरिका को होने वाले कुल निर्यात का लगभग 5 फीसदी हिस्सा प्रभावित करता है।

वहीं, कनाडा ने भी पलटवार की तैयारी कर ली है। प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा है कि अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ का “डॉलर फॉर डॉलर” आधार पर जवाब दिया जाएगा। कनाडा की प्रस्तावित जवाबी कार्रवाई में स्टील, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेयरी, उपकरण और कृषि क्षेत्र से जुड़े अमेरिकी उत्पाद शामिल हैं और नई जवाबी ड्यूटी 8 सितंबर से लागू होने की घोषणा की गई है।

इस घटनाक्रम के बाद दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार युद्ध और तेज होने की आशंका है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही व्यापारिक साझेदारी पर भी इसका असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *