केतन अग्रवाल मर्डर केस में तीसरी गिरफ्तारी, साजिश का राज खुला
पुणे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने तीसरे संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक मुख्य आरोपी चेतन चौधरी का सहपाठी है और बालेवाड़ी की एक निजी कंपनी में काम करता है। जांच में सामने आया है कि 18 जून को लोहागढ़ किले में हुई केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश की जानकारी इस युवक को पहले से थी।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल ने इसके साथ हत्या की योजना को लेकर बातचीत की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में इसकी वास्तविक भूमिका क्या थी और घटना से पहले या बाद में इसने आरोपियों की किस तरह मदद की।
तीसरे संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले की कड़ियां जोड़ने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों के बीच संपर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में तीसरे संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद अब जांच और भी अहम मोड़ पर पहुंच गई है।











