जेल से बाहर आते ही बना निशाना! पुरानी रंजिश में आर्यन पर फायरिंग, 5 गिरफ्तार
दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए चलाई गोली, एक घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
कटिहार में गोलीकांड के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के अंदर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दलन चौक का है, जहां आर्यन चौधरी को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, आर्यन चौधरी अपने दोस्त के साथ घर से निकला था। इसी दौरान अंशु यादव, सुधांशु कुमार, आकाश कुमार, अमन कुमार सिंह और अजय कुमार ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के दोस्त चंद्रशेखर उर्फ छोटू सिंह की अप्रैल महीने में चाकू लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में आर्यन भी जेल गया था और करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने कथित तौर पर आर्यन को निशाना बनाया।
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। तकनीकी जांच और पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस, 5 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल बरामद करने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।











