पानी कम हुआ लेकिन परेशानी अभी भी बरकरार – सुनील कुमार यादव

मनिहारी नगर पंचायत के बाढ़ प्रभावित वार्डों का सांसद प्रतिनिधि ने किया दौरा, पीड़ितों से मिलकर सुनी समस्याएं

गंगा नदी के जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने लगी है, लेकिन मनिहारी नगर पंचायत के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानियां अभी खत्म नहीं हुई हैं। बाढ़ का पानी कम होने के बावजूद कई इलाकों में जलजमाव, आवागमन, भोजन, पशु चारा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। इसी को लेकर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने मनिहारी नगर पंचायत के विभिन्न बाढ़ प्रभावित वार्डों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दौरे के दौरान सुनील कुमार यादव ने बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। लोगों ने उन्हें बाढ़ के कारण उत्पन्न परेशानियों से अवगत कराया। कई लोगों ने बताया कि पानी का स्तर कम होने के बाद भी घरों और आसपास के इलाकों में पानी जमा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। वहीं पशुपालकों ने पशु चारा की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि गंगा के जलस्तर में कमी जरूर आई है, लेकिन इससे यह नहीं माना जा सकता कि बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानी भी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि लोगों के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवा और पशु चारा जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान जिन परिवारों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की जरूरत है। पानी घटने के बाद बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। सुनील यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को सांसद तारिक अनवर के संज्ञान में भी लाया जाएगा, ताकि जरूरत के अनुसार संबंधित स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल की जा सके। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं और उनकी समस्याओं को लगातार उठाते रहेंगे। मौके पर कांग्रेस नेता दिलीप विश्वास, प्रलाद गुप्ता, शाहदेव यादव, नलिन सिन्हा, राजेंद्र पासवान, डॉ० महादेव, रवि यादव सहित कई बुद्धिजीवी लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *