कटिहार में अवैध पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस का अभियान, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर नजर
कटिहार। शहर में अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए कटिहार यातायात पुलिस ने विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया और सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कई वाहन चालकों से बातचीत कर उन्हें नियमों का पालन करने की जानकारी दी। वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करने और निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने की अपील की गई।
टोटो चालकों को दी गई विशेष हिदायत
यातायात पुलिस ने टोटो चालकों को सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने से बचने को कहा। पुलिस के मुताबिक, सड़क के किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और कई जगहों पर जाम की स्थिति भी बन सकती है।
यातायात थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल ने वाहन चालकों से निर्धारित और उचित स्थान पर ही पार्किंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहन पार्किंग के नियमों का पालन करना जरूरी है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जागरूकता अभियान के साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट और गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों पर पुलिस की नजर रहेगी।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और जाम की समस्या को कम करने के लिए वाहन चालकों का सहयोग जरूरी है।
रिपोर्ट: शंकर गुप्ता, कटिहार











