मां आनंदी संस्था छठ सामग्री वितरण

भागलपुर में जरूरतमंद छठ व्रतियों को सूप, दौरा, फल सहित पूजन सामग्री का किया गया वितरण, संस्था की पहल से व्रती परिवारों के चेहरों पर दिखी खुशी

छठ व्रतियों के बीच मां आनंदी संस्था ने बांटी पूजन सामग्री, आर्थिक तंगी न बने त्योहार में बाधा : प्रिया सोनी

भागलपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर मां आनंदी संस्था की ओर से जरूरतमंद छठ व्रती भाई-बहनों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। संस्था के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान व्रतियों को सूप, दौरा, फल एवं छठ पूजा से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री श्रद्धापूर्वक भेंट की गई। इस पहल में धँकर, सबौर और भागलपुर के विभिन्न सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छठ व्रती पहुंचे और पूजन सामग्री प्राप्त की।

इस अवसर पर मां आनंदी संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी ने कहा कि संस्था का संकल्प है कि आर्थिक तंगी किसी भी परिवार के त्योहार की खुशियों में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि संस्था हमेशा निस्वार्थ भाव से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए प्रयासरत रहती है। इसके लिए संस्था के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जरूरतमंद छठ व्रतियों को चिन्हित करते हैं और उन्हें कार्यालय बुलाकर पूजा सामग्री उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि छठ जैसे लोक आस्था के महापर्व पर हर परिवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ पूजा करने का अवसर मिलना चाहिए।

पूजन सामग्री प्राप्त करने के बाद व्रती महिलाओं और पुरुषों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने मां आनंदी संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था की ओर से कहा गया कि जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक सहयोग का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *