कटिहार में जमाबंदी सुधार अभियान की समीक्षा, 31 अक्टूबर तक गलतियों का होगा सुधार; मृत रैयतों के उत्तराधिकारियों के नाम होगी जमाबंदी
कटिहार: जिले में चल रहे जमाबंदी शुद्धिकरण एवं उत्तराधिकार नामांतरण विशेष अभियान को लेकर बुधवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक सर्किट हाउस के सभागार में हुई, जिसमें जिले के राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि यदि किसी जमाबंदी में नाम, विवरण या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि दर्ज है, तो उसे सुधारने का अवसर अभियान के तहत दिया जा रहा है। 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले विशेष अभियान में जमाबंदी में दर्ज गलतियों को दुरुस्त करने के साथ-साथ मृत जमाबंदीदरों के वैध उत्तराधिकारियों के नाम जमाबंदी को अपडेट किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि जरूरत पड़ने पर भूमि की स्थल मापी भी कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित रैयत से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
राजस्व मामलों को डिजिटल बनाने पर जोर
बैठक में मंत्री ने बताया कि विभाग के सभी राजस्व न्यायालय राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली के तहत संचालित किए जा रहे हैं। इसी व्यवस्था के अनुरूप भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकारों की कार्यवाही को भी व्यवस्थित एवं डिजिटल तरीके से संचालित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
इस व्यवस्था से मामलों की सुनवाई, अभिलेखों के रखरखाव और मामलों की प्रगति की निगरानी को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
भूदान भूमि के अभिलेखों को व्यवस्थित करने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को भूदान भूमि से संबंधित उपलब्ध अभिलेखों को मिशन मोड में व्यवस्थित और अद्यतन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार भू-अभिलेखों का सत्यापन कर उन्हें सुरक्षित तरीके से संरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इनका उपयोग और सत्यापन आसानी से किया जा सके।
उन्होंने अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक टीम गठित कर भूदान भूमि से संबंधित अभिलेखों की विस्तृत इन्वेंट्री तैयार करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में कटिहार जिले से जुड़े विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 30 September 2026











