कटिहार के तीनगछिया काली मंदिर पोखर घाट पर छठ की तैयारी तेज, साफ-सफाई से लेकर रंग-रोगन का काम जारी
कटिहार के तीनगछिया काली मंदिर पोखर घाट पर छठ की तैयारी तेज, साफ-सफाई से लेकर रंग-रोगन का काम जारी
वार्ड संख्या 35 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और बच्चों के मनोरंजन के लिए लगाए जा रहे झूले, नगर निगम की ओर से किए जा रहे पुख्ता इंतजाम।
कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर कटिहार शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 35 स्थित तीनगाछिया काली मंदिर पोखर घाट पर भी छठ पूजा की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। घाट की साफ-सफाई के साथ-साथ रंग-रोगन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस संबंध में वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद महतो ने बताया कि नगर निगम की ओर से घाट पर श्रद्धालुओं के लिए तमाम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साफ-सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने बताया कि बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए घाट परिसर में कई प्रकार के झूले भी लगाए जा रहे हैं। इससे छठ पूजा के दौरान आने वाले बच्चों को मनोरंजन की सुविधा मिलेगी। वार्ड पार्षद ने कहा कि तीनघटिया काली मंदिर पोखर घाट पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और पूरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।











