भागलपुर स्टेशन पर रेल पुलिस का हाई अलर्ट, संदिग्ध सामानों की हो रही तलाशी
छठ महापर्व को लेकर रेल पुलिस हाई अलर्ट, भागलपुर स्टेशन पर चप्पे-चप्पे की जांच; स्निफर डॉग से संदिग्ध सामानों की तलाशी
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने संभाली सुरक्षा की कमान, रेल एसपी, रेल डीएसपी और आरपीएफ इंस्पेक्टर ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
भागलपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर रेल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसी क्रम में आरपीएफ इंस्पेक्टर, रेल डीएसपी जमालपुर और रेल एसपी ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा में तैनात जवानों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
छठ पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्टेशन पर एंटी सबोटेज जांच अभियान चलाया जा रहा है। स्निफर डॉग की मदद से लावारिस एवं संदिग्ध सामानों की सघन तलाशी ली जा रही है। वहीं, स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों और यात्रियों के सामानों पर भी नजर रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों और अपराधियों की किसी भी संभावित साजिश को नाकाम करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
वहीं, भागलपुर में हाल ही में हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना को लेकर भी रेल पुलिस विशेष रूप से सतर्क है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। रेल एसपी ने यात्रियों को आश्वस्त किया कि छठ महापर्व के दौरान उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि स्टेशन या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेल पुलिस को सूचना दें।











