हजारों फिल्मों के बीच चमकी भागलपुर की ‘डॉक्टर बेटियां’, टॉप-100 में बनाई जगह

यूपी सरकार के पर्यटन विभाग से मिला फिल्म को प्रोत्साहन, माउंट एसएससी की छात्रा काव्या चौबे ने अभिनय से छोड़ी खास छाप; रिपोर्टर से खास बातचीत में साझा किया अपना अनुभव

भागलपुर: बिहार की बेटियां अब अपनी प्रतिभा के दम पर फिल्मी दुनिया में भी पहचान बना रही हैं। भागलपुर शहर की माउंट एसएससी की छात्रा काव्या चौबे ने पढ़ाई के साथ अभिनय के क्षेत्र में कदम रखकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वर्ष 2024 में भागलपुर में शूट हुई फिल्म ‘डॉक्टर बेटियां’ में काव्या ने एक गरीब बच्ची की अहम भूमिका निभाई है। फिल्म में उनके अभिनय और किरदार को खास तौर पर सराहा जा रहा है।

फिल्म की कहानी एक ऐसी गरीब बच्ची के संघर्ष पर आधारित है, जो तमाम आर्थिक और पारिवारिक मुश्किलों के बावजूद डॉक्टर बनने का सपना देखती है। इसमें गरीबी, मजबूरी, शिक्षा के लिए संघर्ष और मां के बिना बच्ची के जीवन में पैदा होने वाले खालीपन को भावनात्मक तरीके से दिखाया गया है। कहानी में बच्ची को अंग्रेजी नहीं आने के कारण स्कूल में दाखिला नहीं मिल पाता, लेकिन वह हार नहीं मानती और अपने दोस्तों की मदद से अंग्रेजी सीखकर शिक्षा हासिल करने की राह पर आगे बढ़ती है।

इस फिल्म को अब उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से प्रोत्साहन मिला है। देश-विदेश की हजारों फिल्मों के बीच ‘डॉक्टर बेटियां’ को टॉप-100 फिल्मों में जगह मिली है। फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाली काव्या चौबे से हमारे रिपोर्टर ने खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय के अनुभव और फिल्म से जुड़े सफर को साझा किया। भागलपुर की इस होनहार बेटी की उपलब्धि से शहर में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *