मुगलसराय में छठ की तैयारी तेज, सभासद आरती यादव ने महिलाओं संग संभाला मोर्चा; बरम बाबा तालाब घाट पर चलाया सफाई अभियान
सुभाष नगर के बरम बाबा तालाब छठ घाट पर महिलाओं ने की साफ-सफाई, छठी मैया के जयकारों से भक्तिमय हुआ माहौल; तीसरे वर्ष व्यवस्थित रूप से होगा छठ पूजा का आयोजन
चंदौली: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में तैयारियां तेज हो गई हैं। सुभाष नगर स्थित बरम बाबा तालाब छठ घाट पर वार्ड संख्या 21 की सभासद आरती यादव ने स्थानीय महिलाओं के साथ मिलकर साफ-सफाई अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं ने छठी मैया के जयकारे लगाए, जिससे पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। महिलाएं सामूहिक रूप से घाट की सफाई और पूजा की तैयारियों में जुटी नजर आईं।
दरअसल, बरम बाबा तालाब पर व्यवस्थित रूप से छठ पूजा का आयोजन शुरू हुए यह तीसरा वर्ष है। सभासद आरती यादव ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने तालाब से अतिक्रमण हटवाकर इसे छठ पूजा घाट के रूप में विकसित कराने का संकल्प लिया था। अब उनका यह संकल्प साकार हो रहा है। पहले छठ पूजा के दौरान दामोदरदास पोखरे और मानसरोवर तालाब पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती थी, जिससे खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन सुभाष नगर में ही छठ घाट की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है।
घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभासद के अनुसार, प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर घाट का निरीक्षण कर पानी की गहराई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हैं, ताकि महापर्व के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल घाट पर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां जारी हैं। आस्था, स्वच्छता और सामूहिक सहयोग के साथ स्थानीय महिलाएं छठ महापर्व को लेकर उत्साहपूर्वक जुटी हुई हैं।











