मनिहारी गंगा घाट पहुंचे डीएम-एसपी, छठ की सुरक्षा का लिया जायजा
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, शांतिपूर्ण छठ पूजा संपन्न कराने की तैयारी तेज
कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्री परिचय कुमार ने मनिहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित छठ गंगा घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने घाट की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। आगामी छठ महापर्व के दौरान गंगा घाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। प्रशासन एवं कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है।











