चंदौली में गोवंश तस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक गिरफ्तार

क्रूजर वाहन से गाय और सांड समेत दो गोवंश बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर चार आरोपी फरार

चंदौली: जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। घटना कोडरिया-बसरिकपुर नहर के पास की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके चार अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध क्रूजर गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन वाहन सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सदर कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने पीछा करते हुए आत्मरक्षा में दो राउंड हवाई फायरिंग की। पुलिस ने वाराणसी के लमही निवासी सूरज उर्फ गोलू पटेल को गिरफ्तार कर लिया। क्रूजर वाहन की तलाशी में एक गाय और एक सांड समेत दो गोवंश बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के साथ चार अन्य लोग भी गोवंश तस्करी में शामिल थे। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में इस काम में शामिल होने की बात बताई। तस्करों की योजना वाराणसी से छुट्टा गोवंश को वाहन में लादकर बिहार ले जाने की थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *