पुल नहीं, तो पानी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे… आखिर कब बनेगा चिकनी धार पर पुल?

कटिहार के प्राणपुर प्रखंड में गंगा नदी का पानी निचले इलाकों में फैलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पानी की वजह से जहां किसानों की फसल प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है, वहीं केहुनिया पंचायत के कई वार्डों में भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित चिकनी धार का एक वीडियो सामने आया है, जहां छोटे-छोटे बच्चे पानी पार कर स्कूल जाते नजर आ रहे हैं। बच्चों को पढ़ाई के लिए रोजाना जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय समिति सदस्य मोहम्मद अजमल का कहना है कि चिकनी धार पर पुल निर्माण को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस रास्ते से करीब 5 हजार की आबादी रोजाना आवागमन करती है। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी यहां पुल की जरूरत महसूस होती है, लेकिन गंगा का जलस्तर बढ़ने पर हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि चिकनी धार पर जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को स्कूल जाने और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *