उफनती गंगा पार कर गोबराही पहुंचे DM, बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल; कम्युनिटी किचन की भी जांच

कटिहार में बाढ़ के बीच प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली है। कुरसेला प्रखंड के गंगा पार बसे अत्यंत दुर्गम गोबराही दियारा में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी खुद मौके पर पहुंचे।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे डीएम अधिकारियों और मेडिकल टीम के साथ खेरिया घाट पहुंचे। यहां से वे बड़ी नाव पर सवार होकर उफनती गंगा को पार करते हुए गोबराही दियारा के लिए रवाना हुए। सुरक्षा के मद्देनजर SDRF की तीन मोटरबोट उनकी नाव के साथ लगातार एस्कॉर्ट करती रहीं।

गोबराही पहुंचने के बाद डीएम ने दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का भ्रमण किया। उन्होंने जलमग्न इलाकों, बाढ़ से प्रभावित परिवारों और पशुचारे की उपलब्धता का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बाढ़ के कारण बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए मेडिकल टीम भी साथ मौजूद रही। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया।

वहीं, डीएम ने बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सरकारी सामुदायिक रसोई का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और राशन के भंडारण की जांच की। रसोई संचालकों को निर्देश दिया गया कि प्रभावित लोगों और बच्चों को समय पर स्वच्छ, गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

गंगा पार पहुंचकर डीएम के इस जमीनी निरीक्षण से बाढ़ में घिरे सैकड़ों परिवारों में राहत और उम्मीद की भावना देखने को मिली। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *