हरदोई रोड पर पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमले का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल
शाहजहांपुर में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में पुलिस और जानलेवा हमले के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया। इसके बाद वह हरदोई रोड से बड़े गांव वाले कट की ओर भागा और कच्चे रास्ते पर पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र का है। 18 सितंबर को पंकज नाम के व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर अपने भाई नीरज पर घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की शिकायत की थी।
मामले में शीबू उर्फ आजम समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस वांछित आरोपी शीबू उर्फ आजम की तलाश में जुटी थी।
19 सितंबर को रामचंद्र मिशन पुलिस हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से हरदोई रोड की तरफ से आ रहा है।
कुछ देर बाद सफेद अपाचे पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी हरदोई रोड से बड़े गांव वाले कट की ओर मुड़कर कच्चे रास्ते पर भागने लगा।
कच्चा रास्ता होने के कारण आरोपी की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से आरोपी शीबू उर्फ आजम को गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
(मुठभेड़, गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में)फिलहाल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











