कटिहार में बीपी मंडल जयंती और जगदेव प्रसाद पुण्यतिथि समारोह, जातिगत जनगणना पर डॉ. लक्ष्मण यादव ने रखे विचार

कटिहार के टाउन हॉल में महामना बीपी मंडल की जयंती और अमर शहीद जगदेव प्रसाद की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्रीकृष्ण आस्था मंच और एनएफ रेलवे ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, आरक्षण और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने महामना बीपी मंडल और अमर शहीद जगदेव प्रसाद के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। एनएफ रेलवे ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन की ओर से मुख्य वक्ता और अतिथियों का मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी इंजीनियर गिरिजा प्रसाद सिंह ने की, जबकि स्वागताध्यक्ष संजय कुमार रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता नई दिल्ली से आए प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मण यादव ने सामाजिक न्याय, आरक्षण व्यवस्था और पिछड़े वर्गों की सरकारी सेवाओं में स्थिति पर अपने विचार रखे।डॉ. लक्ष्मण यादव ने अपनी पुस्तक ‘जाति जनगणना’ के संदर्भ में जातिगत जनगणना की आवश्यकता और इसके सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास और बेहतर नीति निर्माण के लिए जातिगत जनगणना महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में एनएफ रेलवे ओबीसी एम्प्लाइज एसोसिएशन, मालीगांव के जोनल अध्यक्ष अनिल चंद डेका भी मौजूद रहे। परिचर्चा का विषय बीपी मंडल और जगदेव प्रसाद के जीवन, संघर्ष, योगदान एवं उपलब्धियों के साथ-साथ जातिगत जनगणना पर विचार-मंथन रहा।परिचर्चा में राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव, पुष्पा देवी, डॉ. विपिन सिंह, राजकमल और तारकेश्वर ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। समारोह में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, रेलवे कर्मचारियों, महिलाओं और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।कटिहार में आयोजित इस समारोह में बीपी मंडल और जगदेव प्रसाद के सामाजिक योगदान को याद करने के साथ सामाजिक न्याय, आरक्षण और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में इंजीनियर गिरिजा प्रसाद सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *