कटिहार के रोजितपुर में जर्जर सड़क को लेकर प्रदर्शन, मरम्मत की मांग पर सड़क जाम
कटिहार: रोजितपुर इलाके में जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया और टायर जलाकर विरोध जताते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अंचल पदाधिकारी सोनू भगत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। बारिश के दिनों में यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
लोगों के मुताबिक इस मार्ग से रोजाना छात्र-छात्राओं समेत हजारों लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।











