कटिहार में होटल और विवाह भवन संचालकों की बैठक, ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के पालन पर जोर

कटिहार नगर निगम क्षेत्र में ठोस एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर होटल और विवाह भवन संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, उचित संग्रहण और निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कटिहार नगर निगम सभा प्रशाल में शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने की। बैठक में उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य प्रमोद महतो, स्वच्छता पदाधिकारी समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न होटल एवं विवाह भवनों के प्रबंधक मौजूद रहे।

बैठक में होटल और विवाह भवनों से निकलने वाले ठोस कचरे को स्रोत पर ही अलग करने, कचरे के उचित संग्रहण, भंडारण और निस्तारण के साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में होटल एवं विवाह भवन संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित कचरा प्रबंधन व्यवस्था का पालन करने की अपील की।

वहीं, नगर आयुक्त संतोष कुमार ने भी नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी प्रतिष्ठानों में अपशिष्ट प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और नियमसम्मत बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *