‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ेगा कटिहार, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगी जनभागीदारी वाली गतिविधियां

कटिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सरकारी भवनों और ऐतिहासिक स्थलों पर होगा दीप प्रज्वलन

कटिहार में सेवा, सहभागिता और जनकल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत जिले में कई जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिला प्रशासन की ओर से आयोजित बैठक में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी भवनों और महत्वपूर्ण पौराणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों में ‘सेवा चित्र’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘सेवा स्मरण’ के जरिए नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं और कर्मियों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाएगा। वहीं ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को लघु कथा और रील के माध्यम से सामने लाया जाएगा।ग्राम पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालकर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पदाधिकारियों, कर्मियों और आम लोगों को समाजसेवा से जुड़े कार्यों में योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सरकार आपके द्वार की अवधारणा पर लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही ‘सेवा के रंग’ के तहत ह्यूमन रंगोली और Hackathon एवं Innovation Challenge जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।जिला प्रशासन का कहना है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का व्यापक प्रयास है। अभियान के जरिए जिले में जनभागीदारी को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *