यदुवंशी सेना की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा कटिहार
यदुवंशी सेना की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा शहर
कटिहार: भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को यदुवंशी सेना द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था कम नहीं हुई। बारिश की फुहारों के बीच हजारों श्रद्धालु गाजे-बाजे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
शोभायात्रा की शुरुआत हवाई अड्डा मैदान से हुई। यहां से श्रद्धालु झुलनिया मोड़, शिव मंदिर चौक, दौलतराम चौक, पानी टंकी चौक, एमजी रोड, शहीद चौक और मनिहारी मोड़ होते हुए मिरचाईबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर के रास्ते हृदयगंज स्थित राज गार्डन पहुंचे। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ पर भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किए बालक विराजमान थे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
भक्ति गीतों और गाजे-बाजे के बीच श्रद्धालु जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके और शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
यदुवंशी सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के धर्म, कर्म, सत्य और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से समाज में भाईचारे और एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया गया।
राज गार्डन पहुंचने के बाद भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित किया गया और महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा और पूरा आयोजन श्रद्धा व भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।











