KYP सेंटरों पर संकट, दिसंबर से एडमिशन बंद, संचालकों की जेब से चल रहा खर्च

कटिहार में युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए चलाए जा रहे कुशल युवा कार्यक्रम यानी KYP के करीब 40 सेंटरों पर अब ताला लटकने की नौबत आ गई है। दिसंबर से सेंटरों में नए एडमिशन बंद हैं और भुगतान भी रुका हुआ है। ऐसे में सेंटर संचालकों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ज्ञान आपकी पहचान के डायरेक्टर मोहम्मद जावेद आलम और प्रोफेसर तहसीन फातिमा सहित अन्य KYP संचालकों ने बताया कि लंबे समय से एडमिशन और भुगतान बंद रहने के कारण सेंटर चलाना मुश्किल हो गया है। ज्यादातर सेंटर किराए के मकान में संचालित हो रहे हैं। हर महीने किराया, बिजली बिल, इंटरनेट के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन भी देना पड़ रहा है। अब ये पूरा खर्च संचालकों को अपनी जेब से उठाना पड़ रहा है। संचालकों का कहना है कि दिसंबर से एडमिशन बंद होने के बाद सेंटरों की आमदनी लगभग ठप हो गई है। उम्मीद थी कि जल्द ही नई प्रक्रिया शुरू होगी और लंबित भुगतान भी जारी कर दिया जाएगा लेकिन महीनों बीतने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। KYP केंद्रों का संचालन जारी रखना अब संचालकों के लिए चुनौती बन गया है। उनका कहना है कि अगर जल्द एडमिशन शुरू नहीं किया गया और बकाया भुगतान नहीं मिला तो कई सेंटर बंद करने की नौबत आ सकती है। संचालकों ने सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल एडमिशन प्रक्रिया शुरू कराने, लंबित भुगतान जारी करने और सेंटरों के संचालन को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *