पटना। बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज के सूत्रधार और नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग इलाकों में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आभार सभाओं को संबोधित किया।
युवाओं के रोजगार को लेकर प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के कम से कम 10 हजार युवाओं को अगले एक साल में प्राइवेट नौकरी दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपना बायोडाटा जन सुराज कार्यालय में जमा करने की अपील की। प्रशांत किशोर ने कहा कि देशभर में उनके संपर्क में मौजूद लोगों से बिहार के युवाओं को रोजगार देने की बात की गई है।
उन्होंने कहा कि अगर बिहार में जन सुराज की व्यवस्था बनती है तो युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा, रोजगार, पेंशन और राशन को लेकर भी कई दावे किए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि तीन महीने के भीतर राशन कार्ड बनाने में रिश्वतखोरी खत्म करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र के उन लोगों से कार्यालय में आवेदन देने को कहा, जिन्हें 1100 रुपये पेंशन नहीं मिल रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे के बाद बिहार में एनकाउंटर की जगह पढ़ाई और रोजगार की चर्चा हो रही है। उन्होंने इसे जनता के वोट की ताकत बताया।
प्रशांत किशोर ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था सुधारने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहतर करने का प्रयास होगा और ऐसा नहीं होने पर गरीब बच्चों की प्राइवेट स्कूल की फीस की जिम्मेदारी उठाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में स्मरण एवं श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। इसके बाद यारपुर राजपूताना गोपाल शरण सिंह पथ, जक्कनपुर के हनुमान पथ और वार्ड 40 स्थित लंगरटोली चौक के पास ग्रैंड पैलेस हॉल में आयोजित आभार सभाओं में शामिल हुए।











