निशांत कुमार को पीछे धकेलने पर बोले अश्विनी चौबे, सुरक्षा कर्मी से हुई चूक
नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई घटना का वीडियो वायरल, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
रिपोर्ट : श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर: वैशाली के राघोपुर में नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मी द्वारा पीछे धकेले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। भागलपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे सुरक्षा कर्मी की चूक बताया है।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। निरीक्षण और मीडिया से बातचीत के दौरान जब निशांत कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के करीब जाने लगे, तभी मुख्यमंत्री के एक सुरक्षा कर्मी ने उन्हें हाथ लगाकर पीछे कर दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि किसी ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया है और न ही यह किसी के इशारे पर हुआ है। हालांकि, सुरक्षा कर्मी से थोड़ी चूक जरूर हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को इस मामले को संज्ञान में लेना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो। अश्विनी चौबे ने घटना को जानबूझकर की गई हरकत मानने से इनकार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया है।











