भारतीय नौसेना के बराक मिसाइल सिस्टम का होगा अपग्रेड, इजरायल से 1,976 करोड़ की डील
रक्षा मंत्रालय ने इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ किया समझौता, भारतीय नौसेना की हवाई रक्षा क्षमता को मिलेगी मजबूती
नई दिल्ली: भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा और हवाई रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्रालय ने 18 नवंबर 2026 को इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता किया है। इस समझौते के तहत भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को आधुनिक बनाया जाएगा।
इस समझौते के तहत बराक मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों का व्यापक अपग्रेड किया जाएगा। इसके साथ ही तकनीकी रूप से पुराने हो चुके उपकरणों और पुर्जों को आधुनिक विकल्पों से बदला जाएगा। इस प्रक्रिया को तकनीकी अप्रचलन प्रबंधन (Obsolescence Management) कहा जाता है। इसका उद्देश्य मौजूदा मिसाइल सिस्टम को लंबे समय तक प्रभावी और परिचालन के लिए तैयार रखना है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस अपग्रेड से भारतीय नौसेना के जहाजों की हवाई रक्षा क्षमता और अधिक प्रभावी होगी। सिस्टम में नई सुविधाएं शामिल होने के साथ इसकी एंटी-एयर डिफेंस क्षमता और रेंज में भी सुधार किया जाएगा। इससे नौसेना के युद्धपोतों को हवाई खतरों से सुरक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी।
नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह करार अन्य पूंजीगत खरीद प्रक्रिया (Other Capital Procurement Procedure) के तहत किया गया है। इस समझौते से भारतीय नौसेना के मौजूदा रक्षा उपकरणों को आधुनिक तकनीक के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।











