श्यामबाजार पहुंचीं ममता बनर्जी, विरोध में लगे ‘चोर-चोर’ के नारे
कोलकाता के श्यामबाजार इलाके में मंगलवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लोगों की नारेबाजी का सामना करना पड़ा। ममता बनर्जी स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए श्यामबाजार फाइव पॉइंट क्रॉसिंग पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनका काफिला मौके पर पहुंचा, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया।
इससे एक दिन पहले सोमवार को नॉर्थ 24 परगना जिले में ममता बनर्जी के वाहन को लेकर भी विरोध और हमले की घटना सामने आई थी। लगातार दो दिनों में सामने आए इन घटनाक्रमों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
श्यामबाजार में ममता बनर्जी ने खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, उनके कार्यक्रम के दौरान हुई नारेबाजी ने एक बार फिर राज्य में राजनीतिक विरोध और नेताओं के प्रति लोगों के आक्रोश को चर्चा में ला दिया है।











