कटिहार में लगा सोलर मेला, सोलर प्लांट लगाने पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी
कटिहार। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत गुरुवार को डीसीआर भवन, कटिहार परिसर में उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की ओर से सोलर मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, जनप्रतिनिधियों एवं जिला पदाधिकारी द्वारा किया गया।
मेले में उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के फायदे, सौर ऊर्जा के उपयोग और सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी की जानकारी दी गई। साथ ही, सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर अपने बिजली बिल को काफी कम अथवा शून्य करने वाले उपभोक्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट के सोलर प्लांट पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
मेले में बताया गया कि औसतन 0 से 150 यूनिट मासिक बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 से 2 किलोवाट, 150 से 300 यूनिट खपत वालों के लिए 2 से 3 किलोवाट तथा 300 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए 3 किलोवाट से अधिक क्षमता का सोलर प्लांट उपयुक्त हो सकता है।
योजना के तहत सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए बैंकों से करीब 5.75 से 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। अधिकारियों ने आम उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने और सोलर मेला में आवेदन करने की अपील की।
इस पहल का उद्देश्य स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को अपनी बिजली जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनाना और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना है।











