प्राणपुर की 7 प्रमुख समस्याओं को लेकर AIMIM जिलाध्यक्ष ने डीएम को सौंपा मांग पत्र
कटिहार के प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर AIMIM के कटिहार जिलाध्यक्ष और पूर्व प्रत्याशी मो. आफताब आलम ने जिला पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। उन्होंने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की है।
मो. आफताब आलम ने अपने आवेदन में कुल सात प्रमुख मांगों को जिला प्रशासन के समक्ष रखा है।
पहली मांग सालमारी मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की है। इसके लिए सड़क के दोनों ओर RCC ढक्कनयुक्त नाला निर्माण और सड़क चौड़ीकरण की मांग की गई है।
दूसरी मांग सालमारी स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का उसी स्थान पर अतिशीघ्र भव्य जीर्णोद्धार कराने की है।
तीसरी मांग आरडीएस कॉलेज, सालमारी के जर्जर मुख्य भवन के पुनर्निर्माण की है, ताकि छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके।
चौथी मांग सालमारी-आजमनगर प्रखंड मुख्यालय मुख्य सड़क के चौड़ीकरण और सड़क किनारे बने गड्ढों की जल्द भराई कराने की है।
इसके अलावा प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को सुरक्षित मानक ऊंचाई तक शिफ्ट करने और लो वोल्टेज एवं बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई है।
वहीं, आजमनगर प्रखंड की अरिहाना पंचायत में गुठेली चौक से सतारी तक महानंदा बांध को मोटरेबल बनाने तथा बैरिया पंचायत के सिकटिया गांव से प्राणपुर प्रखंड की कटवर पंचायत स्थित दरंगा गांव तक महानंदा बांध को मोटरेबल बनाकर आवागमन बहाल कराने की मांग भी पत्र में शामिल है।
आफताब आलम ने जिला प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने और अतिशीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।











