नूरपुर जेट्टी के पास तटबंध से टकराया विदेशी कार्गो शिप, सड़क और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त

पश्चिम बंगाल में बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। कोलकाता पोर्ट की ओर जा रहा सिंगापुर का एक विदेशी कार्गो शिप नूरपुर जेट्टी के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार में नदी के तटबंध से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तटबंध का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही सड़क और बिजली के खंभे को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, सिंगापुर का यह कार्गो शिप मलेशिया से सामान लेकर करीब नौ दिन पहले कोलकाता के लिए रवाना हुआ था। नूरपुर के पास पहुंचते ही अचानक जहाज का नियंत्रण बिगड़ गया और वह नदी के किनारे की ओर बढ़ते हुए तटबंध से जा टकराया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में जहाज में मैकेनिकल खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि क्रू की लापरवाही, तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य वजह से नियंत्रण बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और क्षतिग्रस्त तटबंध समेत अन्य नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना की स्वतंत्र पुष्टि के लिए स्थानीय प्रशासन और पोर्ट अधिकारियों की रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *