स्वतंत्रता दिवस से पहले रेड रोड पर फाइनल रिहर्सल, ‘वंदे मातरम्’ और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा रहेगा खास आकर्षण

कोलकाता में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। गुरुवार को कोलकाता के रेड रोड पर भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस बार के समारोह में ‘वंदे मातरम्’ की विशेष प्रस्तुति सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाली है। मुख्यमंत्री के पोडियम पर पहुंचने के बाद ‘वंदे मातरम्’ का गायन होगा। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रगान होगा।

‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के मद्देनजर रेड रोड पर इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। स्वतंत्रता दिवस परेड में करीब 12 झांकियां शामिल होंगी, जिनमें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं की झलक दिखाई जाएगी।

वहीं, समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। कुल मिलाकर इस बार रेड रोड का स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, परंपरा और भव्यता के साथ कई नए रंग और आकर्षण लेकर आने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *