स्वतंत्रता दिवस को लेकर कुरसेला पुलिस अलर्ट, सघन वाहन जांच में 25 हजार का जुर्माना
कटिहार। स्वतंत्रता दिवस को लेकर कुरसेला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के मद्देनजर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक कागजात साथ रखने की अपील की।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।











