स्वच्छता पखवाड़ा में छात्रों ने लिया स्वच्छता का संकल्प, प्रतियोगिताओं के बाद चलाया सफाई अभियान

कटिहार में स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से माय भारत कटिहार की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के तहत हरि शंकर नायक उच्च विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इस दौरान विद्यार्थियों के बीच चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ पर्यावरण और कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर समृद्धि कुमारी, द्वितीय स्थान पर चांदनी कुमारी और तृतीय स्थान पर खुशी कुमारी रहीं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और युवाओं ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं और छात्रों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की और एकत्रित कचरे का उचित निस्तारण किया।

माय भारत कटिहार की ओर से बताया गया कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य युवाओं को स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, श्रमदान और जनभागीदारी से जोड़ना है। कार्यक्रम में शिक्षक कृष्ण कुमार कौशिक, दीपक कुमार, शिव नारायण मंडल, रोशन रंजन, चंदन झा, सुनील झा सहित माय भारत के युवा स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *