सुपौल में निकली भव्य हर घर तिरंगा यात्रा, 150 लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
सुपौल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को बसंतपुर प्रखंड के बेनेलीपट्टी पंचायत में हर घर तिरंगा यात्रा एवं वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी, सुपौल और पुलिस अधीक्षक, सुपौल के नेतृत्व में आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। यात्रा के बाद पंचायत सरकार भवन परिसर में वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के कुल 150 लाभार्थियों को राशन कार्ड, लेबर कार्ड, जॉब कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र सहित अन्य योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए। वहीं, चार लाभार्थियों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में हिस्सा लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।











