कटिहार में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भावुक हुए प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार

कटिहार में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला संस्कृति विभाग के मंत्री सह कटिहार के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने 1947 के विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए लाखों पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त का दिन हमें इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जब विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा और बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की जान चली गई।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य किसी के प्रति नफरत पैदा करना नहीं, बल्कि विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करना तथा आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक सौहार्द, शांति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।

डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि विभाजन की त्रासदी के बावजूद लाखों विस्थापित लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और शून्य से अपना जीवन दोबारा खड़ा किया। उन्होंने स्वतंत्र भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने युवाओं से धर्म, जाति और भाषा के नाम पर नफरत से दूर रहने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी से शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *