स्टेशन दुकानदारों को मिले स्थायी ठिकाना! बैंडिंग जोन बनाने की मांग को लेकर समरेंद्र कुणाल ने की बैठक
कटिहार। रेलवे स्टेशन के आसपास फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के लिए बैंडिंग जोन बनाने की मांग अब तेज हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर राजद के निवर्तमान प्रदेश महासचिव समरेंद्र कुणाल ने कटिहार रेलवे स्टेशन के सैकड़ों दुकानदारों के साथ बैठक की और रेल प्रशासन से जल्द बैंडिंग जोन बनाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
समरेंद्र कुणाल ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के साथ मंडल रेल प्रबंधक से मुलाकात की थी। उस दौरान रेल प्रशासन की ओर से फुटपाथ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर बैंडिंग जोन बनाने पर विचार करने का आश्वासन दिया गया था। संबंधित रेल अधिकारियों से चर्चा कर इसकी रूपरेखा तैयार करने की बात भी कही गई थी।
उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों में बड़ी संख्या गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की होती है। स्टेशन के आसपास मौजूद होटल, रेस्टोरेंट और कैंटीन में खाने-पीने की चीजें अपेक्षाकृत महंगी होती हैं। ऐसे में कई यात्री कम कीमत पर चाय, नाश्ता और भोजन के लिए फुटपाथ दुकानों का सहारा लेते हैं।
वहीं, दूसरी ओर लंबे समय से स्टेशन के आसपास दुकान लगाकर रोजगार करने वाले सैकड़ों दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कुणाल ने कहा कि रेलवे टैक्सी, टेंपो और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था कर शुल्क वसूलता है, उसी तर्ज पर गरीब फुटपाथ दुकानदारों के लिए भी व्यवस्थित बैंडिंग जोन बनाया जा सकता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि कटिहार रेलवे स्टेशन के पूर्व और पश्चिम दिशा में ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहां ट्रैफिक प्रभावित न हो और स्टेशन की साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण भी बरकरार रहे। दुकानों के लिए एक समान डिजाइन, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
इस मौके पर अफरोज आलम, मंगेश पोद्दार, बिनोद सिंह, जियाउल हक, रामाशीष सिंह, संतोष सिंह, छोटू राय, मो. समुद्दीन, किशन कुमार सिंह, अनिल पासवान सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद रहे।










