बाढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग, रौशन पांडेय को लगीं 5 गोलियां; पुलिस जांच में जुटी

बिहार के बाढ़ से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। घटना में युवक को 4 से 5 गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के पछियारी मलाही गांव की है, जहां गंगा नदी के किनारे अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अकबरपुर रोड निवासी रौशन पांडेय उर्फ करका बाबा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दो अज्ञात युवकों ने रौशन पांडेय को किसी बहाने से गंगा किनारे बुलाया था। जैसे ही वह वहां पहुंचा, आरोप है कि बदमाशों ने अचानक उस पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगने के बाद युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में बाइक से बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ घायल युवक और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि घायल युवक के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। हालांकि, इस हमले की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *