खगड़िया : दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत, डाक बम सेवा में जुटे थे युवक
खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र से इस वक्त दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। उसराहा पुल के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे थे। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब दो बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। एक बाइक पर दो युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक सवार था। इसी दौरान दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही तीनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 19 वर्षीय नीतीश कुमार, 20 वर्षीय नीरज कुमार और 26 वर्षीय काजू कुमार के रूप में हुई है। नीतीश कुमार और नीरज कुमार बेलदौर प्रखंड के पीपरा बासा गांव के रहने वाले थे, जबकि काजू कुमार बेलदौर नगर पंचायत का निवासी बताया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अपनों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।










