पैरों से लिखकर पढ़ रही लक्ष्मी, शिक्षक बनने का सपना; सांसद तारिक अनवर ने बढ़ाया हौसला

कटिहार के हसनगंज प्रखंड की रहने वाली कक्षा चार की छात्रा लक्ष्मी कुमारी अपने जज्बे और मेहनत से मिसाल कायम कर रही है। जन्म से दोनों हाथों से दिव्यांग लक्ष्मी अपने पैरों से लिखकर पढ़ाई कर रही है और शिक्षक बनने का सपना देख रही है। लक्ष्मी की कहानी सामने आने के बाद अब उसे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का भी साथ मिलने लगा है।

सोमवार को कटिहार सांसद तारिक अनवर लक्ष्मी का हौसला बढ़ाने उत्क्रमित मध्य विद्यालय भतौरिया पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रा से मुलाकात कर उसकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

बातचीत के दौरान लक्ष्मी ने सांसद को बताया कि वह आगे चलकर शिक्षक बनना चाहती है। छात्रा के हौसले और मेहनत से प्रभावित सांसद तारिक अनवर ने उसके सपने को पूरा कराने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान सांसद ने लक्ष्मी को उपहार और शॉल देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी भले ही जन्म से दोनों हाथों से दिव्यांग है, लेकिन उसके हौसले बुलंद हैं। विपरीत परिस्थितियों में अपने पैरों से लिखकर पढ़ाई करना समाज के लिए प्रेरणादायक है।

सांसद ने कहा कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता और उसके सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। लक्ष्मी जैसी प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना चाहिए।

गौरतलब है कि लक्ष्मी की तस्वीर सामने आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से भी उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की गई है।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास समेत कई कांग्रेस नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्ट: कटिहार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *