हंगरी में बड़ा बस हादसा, सड़क से फिसलकर खाई में गिरी बस; 12 की मौत
हंगरी से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में 12 यात्रियों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा हंगरी में M3 मोटरवे पर हुआ, जहां पोलैंड में पंजीकृत एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 57 यात्री सवार थे।
अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 12 यात्रियों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।y
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन का नियंत्रण बिगड़ा हो सकता है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। हादसे में प्रभावित यात्रियों की पहचान और अन्य जानकारी जुटाने का काम भी जारी है।










