पान मसाला विज्ञापनों पर सनी देओल ने कही दो टूक बात, बोले- नहीं करूंगा प्रमोशन
पान मसाला विज्ञापनों को लेकर बॉलीवुड में एक बार फिर चर्चा तेज है। इसी बीच अभिनेता सनी देओल का बयान सामने आया है। एक पॉडकास्ट में सनी देओल ने पान मसाला और गुटखा जैसे उत्पादों के प्रचार को लेकर अपनी राय खुलकर रखी।
दरअसल, महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA की ओर से ‘विमल’ पान मसाला विज्ञापन से जुड़े मामले में शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस दिए जाने की खबर सामने आई है।
इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान सनी देओल ने कहा कि वह पान मसाला या गुटखा जैसे उत्पादों का विज्ञापन करना पसंद नहीं करेंगे। उनका कहना है कि जिन चीजों पर उन्हें खुद भरोसा नहीं है, उनका प्रचार करने की इजाजत उनका जमीर नहीं देता।
सनी देओल ने यह भी कहा कि दूसरे लोगों को भी ऐसे उत्पादों के प्रचार को लेकर सोचने की जरूरत है।
अभिनेता का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा हो रही है। पान मसाला और गुटखा विज्ञापनों में बड़े फिल्मी सितारों की मौजूदगी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।










