बिहार के छात्रों की हर समस्या का होगा समाधान, CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’

बिहार के विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के जे.डी. वीमेंस कॉलेज से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की। अब छात्र-छात्राएं पोर्टल के साथ-साथ टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 के माध्यम से अपनी शिकायत और सुझाव दर्ज करा सकेंगे।

सरकार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद अगर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होती है, तो संबंधित अधिकारी को स्वतः नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं, अधिकतम 30 दिनों के भीतर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा प्रत्येक महीने के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 25 अगस्त से सभी स्कूलों और छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग अभियान की शुरुआत होगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल, घर से लाइव शिक्षक सपोर्ट और 211 नए डिग्री कॉलेजों के साथ-साथ 342 बी.एड. कॉलेजों में डिग्री पाठ्यक्रम की अनुमति जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।

सरकार का दावा है कि इन पहलों से बिहार के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, सुविधाएं और नए अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *