पुलिसकर्मियों के लिए निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर की मांग, सौंपा आवेदन

कटिहार में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर एक विशेष पहल की मांग की गई है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति विकास परिषद, नई दिल्ली की कटिहार जिला अध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी ने पुलिस अधीक्षक, कटिहार को आवेदन देकर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए निःशुल्क फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित करने की अनुमति मांगी है।

आवेदन में बताया गया है कि पुलिस अधिकारी और जवान दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं देते हैं। लंबी ड्यूटी, लगातार भागदौड़ और शारीरिक एवं मानसिक तनाव के कारण कई पुलिसकर्मियों में कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, साइटिका, सर्वाइकल और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं देखने को मिलती हैं।

इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति विकास परिषद, A to Z एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट के शिवेन्द्र, एवं शिव फिजियोथेरेपी सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में पुलिसकर्मियों के लिए विशेष निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया है।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार गोस्वामी के सहयोग से पुलिसकर्मियों की जांच, उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और दैनिक व्यायाम से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

प्रस्ताव के अनुसार प्रत्येक माह के किसी एक रविवार को शिविर आयोजित किया जाएगा। स्थान और तिथि पुलिस विभाग की अनुमति एवं सुविधा के अनुसार तय की जाएगी। आवेदन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से शिविर आयोजन की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *