TRE-4 आंदोलन: छात्रों की मांगों को लेकर तेजस्वी यादव पहुंचे धरना स्थल
बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष एवं तेजस्वी यादव छात्रों के आंदोलन में समर्थन देने पहुंचे। छात्रों के लगातार आंदोलन और दबाव के बीच TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है, लेकिन छात्र नेताओं का कहना है कि आंदोलन अभी समाप्त नहीं हुआ है।
छात्र नेता शाहबाज आलम और छात्र नेता दिलीप कुमार सहित अन्य अभ्यर्थी लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं। छात्रों की प्रमुख मांग है कि TRE-4 में पिछली शिक्षक बहाली की तरह एकल परीक्षा प्रणाली लागू की जाए और One Candidate, One Result की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही अभ्यर्थी रिक्तियों की संख्या बढ़ाने, नसीब एवं लाइब्रेरियन की बहाली को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।
छात्र नेताओं ने कहा कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होना छात्रों के संघर्ष की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने सरकार को तीन दिनों का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक करते हुए भूख हड़ताल और आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
छात्र नेताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि बिहार के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के हित में पारदर्शी, निष्पक्ष और बेहतर भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कराना है।










