12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निपटारे की तैयारी तेज
कटिहार में आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर यह बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार रणवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में जिला पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, लोक अभियोजक, सरकारी अधिवक्ता, अपर लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक, एजीपी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह ने आम लोगों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने मामलों का निपटारा कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।
वहीं, जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और अभियोजन पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान 9 मई 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों, अपर लोक अभियोजकों और विशेष लोक अभियोजकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अवर न्यायाधीश सह सचिव कमलेश सिंह देऊ ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में बेहतर सहयोग के लिए जिला प्रशासन का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
अपील: अगर आपका कोई ऐसा मामला है जिसका निपटारा लोक अदालत के माध्यम से संभव है, तो 12 सितंबर 2026 की राष्ट्रीय लोक अदालत में इसका लाभ उठाएं।










